भारतीय जनता पार्टी एसआईआर के जरिए मुसलमानों के नाम मतदाता सूची से कटवा रही है-अजमल

राजा शर्मा
धुबड़ी, 18 दिसंबर 2025/असम.समाचार
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी अध्यक्ष मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने मंगलवार को धुबड़ी जिला पुस्तकालय में एक संगठनात्मक सभा का आयोजन किया। सभा से पूर्व आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने चुनावी रणनीति और संभावित राजनीतिक गठजोड़ को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
मौलाना अजमल ने कहा कि एआईयूडीएफ आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के साथ मित्रता करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कांग्रेस मित्रता नहीं करती है तो एआईयूडीएफ राज्य की 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उनमें से 30 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए अजमल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी एसआईआर के जरिए मुसलमानों के नाम मतदाता सूची से कटवा रही है, जिसका एआईयूडीएफ पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस के साथ मित्रता नहीं होती है तो इसका सीधा लाभ भाजपा को मिलेगा और वह एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने में सफल हो जाएगी।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अजमल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि एआईयूडीएफ को भाजपा की ‘बी टीम’ कहा जाता है, तो कांग्रेस भाजपा की ‘ए-1 प्लस टीम’ है। उन्होंने दोनों राष्ट्रीय दलों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस को राजनीतिक रूप से डुबाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधते हुए एआईयूडीएफ अध्यक्ष ने उन्हें “ज़ालिम नेता” करार दिया और कहा कि राज्य में हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपने घर में क्या खाएंगे, इसके लिए भी सरकार से पूछना पड़ेगा।
इस संवाददाता सम्मेलन में एआईयूडीएफ अध्यक्ष मौलाना बदरुद्दीन अजमल के साथ धुबड़ी के विधायक नज़रूल हक भी उपस्थित थे।



