धुबड़ी में भक्ति की बयार,नगर कीर्तन ने पूरे किए 12 साल, सीताराम ठाकुरबाड़ी में बंटा प्रसाद

राजा शर्मा
धुबड़ी 7 सितंबर 2025/असम.समाचार
सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर की गलियों में गूंजते भजन, हाथों में कीर्तन ध्वज और कदम से कदम मिलाकर चलते श्रद्धालु पिछले 12 वर्षों से यही दृश्य इस शहर की पहचान बन चुका है। राधा रानी एक्सप्रेस सत्संग समिति और बुजुर्ग समाज दल की पहल पर निकाला जाने वाला यह नगर कीर्तन न केवल आध्यात्मिकता का संचार करता है, बल्कि समाज में धार्मिक चेतना भी जगाता है।

आज इस नगर कीर्तन ने अपने 12 वर्ष पूरे किए और इसी उपलक्ष्य में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शोभायात्रा सीताराम ठाकुरबाड़ी पहुंची। वहां प्रसाद वितरण कर इस परंपरा की मिठास को और बढ़ा दिया गया। बताया जाता है कि 12 वर्ष पूर्व राधा कृष्ण जी महाराज के आगमन के साथ यह सिलसिला शुरू हुआ था और तब से धूप हो या बारिश हर दिन यह यात्रा निकलती है।
इस आयोजन में राधारानी एक्सप्रेस सत्संग मंडली के सुशील खेतावत, महेंद्र मोर, अजय गुप्ता, महेंद्र बाफना, सरस्वती देवी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए और शहरवासियों को एक बार फिर भक्ति के रंग में रंग दिया।



