क्रिकेट के मैदान से बाहर खेला गया खेल,असम के चार खिलाड़ी निलंबित

विकास शर्मा
गुवाहाटी 13 दिसंबर 2025/असम.समाचार
असम क्रिकेट को उस समय गहरा झटका लगा जब असम क्रिकेट संघ (एसीए) ने भ्रष्ट आचरण के गंभीर आरोपों में चार खिलाड़ियोंअमित सिन्हा, ईशान अहमद, अमन त्रिपाठी और अभिषेक ठाकुरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। ये सभी खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर असम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, इन खिलाड़ियों पर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 (26 नवंबर से 8 दिसंबर तक लखनऊ में आयोजित) में हिस्सा लेने वाले मौजूदा असम टीम के कुछ खिलाड़ियों को प्रभावित करने और कथित रूप से मैच से जुड़ी गतिविधियों में उकसाने का आरोप है। आरोप सामने आने के बाद बीसीसीआई की एंटी करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (एसीएसयू) ने पूरे मामले की जांच की।
असम क्रिकेट संघ ने भी इस प्रकरण को बेहद गंभीर मानते हुए आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इन चारों खिलाड़ियों की संलिप्तता खेल की गरिमा और निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले गंभीर कदाचार में पाई गई है।
स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के उद्देश्य से एसीए ने निलंबन का फैसला लिया है। निलंबन अवधि के दौरान ये खिलाड़ी असम क्रिकेट संघ, उसकी जिला इकाइयों अथवा संबद्ध क्लबों द्वारा आयोजित किसी भी राज्य स्तरीय टूर्नामेंट या मैच में भाग नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा, वे किसी भी क्रिकेट गतिविधि जैसे कोच, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य किसी आधिकारिक भूमिका में भी शामिल नहीं हो पाएंगे।
असम क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि निलंबन जांच की अंतिम रिपोर्ट अथवा संघ के अगले आदेश तक जारी रहेगा। सभी जिला क्रिकेट संघों को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और अपने-अपने क्षेत्र के क्लबों व क्रिकेट अकादमियों को इसकी सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
संघ ने खेल की निष्पक्षता और आत्मा की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि पारदर्शिता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि असम क्रिकेट संघ ने 12 दिसंबर 2025 को इन चारों खिलाड़ियों के खिलाफ गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में एफआईआर भी दर्ज कराई है।



