राष्ट्रीय

इंडिगो फ्लाइट में थप्पड़कांड के बाद असम का युवक लापता, परिजन चिंतित

परिजन प्रशासन से हुसैन की तत्काल तलाश और न्याय की मांग कर रहे हैं,

गुवाहाटी, 2 जुलाई 2025/ असम.समाचार

मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की एक उड़ान में कथित तौर पर थप्पड़ का शिकार हुआ असम का युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। कछार ज़िले के कटिगोराह निवासी हुसैन अहमद मजूमदार, जो मुंबई में एक जिम में कार्यरत था, अपने घर लौट रहा था। लेकिन एक अप्रत्याशित घटना ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है।

ADVERTISEMENT

उड़ान के दौरान एक अन्य यात्री द्वारा हुसैन को थप्पड़ मारने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हुसैन को फ्लाइट अटेंडेंट उसकी सीट तक ले जा रही हैं, तभी एक सहयात्री उस पर हाथ उठा देता है। बताया जा रहा है कि हुसैन को उस समय घबराहट या मानसिक बेचैनी का दौरा पड़ रहा था। कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने हमले का विरोध किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

परिजनों के अनुसार, हुसैन को कोलकाता से सिलचर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी, मगर वह फ्लाइट में नहीं मिला। सिलचर एयरपोर्ट पर उसका इंतजार कर रहे परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है और अंदेशा है कि वह मुंबई में ही कहीं रह गया है।

हुसैन के चचेरे भाई ज़ुबैरुल इस्लाम मजूमदार ने कहा, “जब सिलचर फ्लाइट में वह नहीं मिला, तो हमने पुलिस और एयरपोर्ट अधिकारियों से संपर्क किया, मगर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हम बहुत परेशान हैं।”

हुसैन के पिता अब्दुल मन्नान मजूमदार, जो कैंसर से पीड़ित हैं, ने भावुक होते हुए कहा, “बेटा हमारी मदद के लिए मुंबई में मेहनत कर रहा था। वह घर लौट रहा था। मैंने वह वीडियो देखा, अब समझ नहीं आ रहा कि मेरा बेटा कहाँ है।”

इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा, “हमें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी है। हमारे क्रू ने मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया और स्थिति को नियंत्रण में लाया। संबंधित व्यक्ति को आगमन पर सुरक्षा अधिकारियों को सौंपा गया और नियामक एजेंसियों को सूचित किया गया।”

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हुसैन को मेडिकल सहायता दी गई, हिरासत में लिया गया या किसी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घटना ने न सिर्फ हवाई यात्रा की सुरक्षा बल्कि यात्रियों के मानसिक स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर भी गम्भीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

परिजन प्रशासन से हुसैन की तत्काल तलाश और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!