असम सरकार ने कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े साहित्य पर लगाया प्रतिबंध

विकास शर्मा
गुवाहाटी 5 दिसम्बर 2025/असम.समाचार
असम सरकार ने सुरक्षा को सुदृढ़ करने और चरमपंथी गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु कड़े कदम उठाते हुए प्रतिबंधित कट्टरपंथी संगठनों जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी), अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) और इनके सहयोगी या संबद्ध किसी भी समूह— से जुड़े सभी प्रकार के साहित्य, दस्तावेज, मुद्रित सामग्री तथा डिजिटल कंटेंट पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लागू कर दिया है।

सरकार ने स्पष्ट किया कि चरमपंथी या ‘जिहादी’ विचारधारा को बढ़ावा देने वाले किसी भी ऑनलाइन माध्यम जैसे वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज, एन्क्रिप्टेड चैनल, ऑनलाइन ग्रुप, डिजिटल प्लेटफॉर्म या अन्य किसी संचार साधन पर उपलब्ध सामग्री भी प्रतिबंध के दायरे में आएगी।

अधिकारियों के अनुसार राज्य में कट्टरपंथी विचारधारा के प्रसार और युवाओं को बरगलाने के प्रयासों को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। प्रतिबंधित सामग्री के प्रसार या उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, और उल्लंघन की स्थिति में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का कहना है कि शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसे संगठनों से जुड़े साहित्य पर नियंत्रण आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक या विभाजनकारी गतिविधि को राज्य में पनपने से रोका जा सके।



