असमएक्सक्लूसिव खबरेंतीसरी आंखमुद्दा गरम है

कोच राजबंशी समुदाय की मांगों को लेकर बगाईगांव में विशाल विरोध रैली, 50 हज़ार से अधिक लोगों की उपस्थिति

रैली शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, लेकिन बड़ी भीड़ और क्षेत्रीय राजनीतिक प्रभाव के कारण इसे राज्य की महत्वपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक घटनाओं में माना जा रहा है।

भरत पासवान

बगाईगांव 9 नवंबर

ऐतिहासिक कामतापुर राज्य के पुनर्गठन, कोच राजबंशी समुदाय को जनजाति दर्जा देने तथा केएलओ के साथ शांति समझौते की मांग को लेकर सोमवार को उत्तरी बगाईगांव स्टेडियम में एक विशाल विरोध रैली आयोजित की गई। यह रैली ऑल कोच राजबंशी छात्र संघ, कोच राजवंशी सम्मेलन सहित समुदाय से जुड़े विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में हुई, जिसमें लगभग 50,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

रैली के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कोच राजबंशी समुदाय लंबे समय से अपनी पहचान, अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन अभी तक उनकी मांगों पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

ऑल कोच राजबंशी छात्र संघ के केंद्रीय सचिव बलराम बर्मन ने कहा कि “कामतापुर राज्य का गठन ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जातीय आधार पर बिल्कुल न्यायसंगत मांग है। सरकार को हमारी आवाज सुननी होगी। कोच राजबंशी लोगों को जनजाति दर्जा देना हमारा संवैधानिक अधिकार है।”

वहीं, संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज राय ने कहा, “केएलओ के साथ शांति समझौता कर राज्य और क्षेत्र में स्थिरता की राह खुल सकती है। यदि सरकार वास्तव में शांति चाहती है, तो उसे संवाद और समझौते की दिशा में आगे बढ़ना होगा।”

जनसभा में मौजूद समुदाय के अन्य नेताओं ने भी अपनी मांगों पर सरकार को जल्द निर्णायक पहल करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को नज़रअंदाज़ किया तो संघर्ष को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

रैली शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, लेकिन बड़ी भीड़ और क्षेत्रीय राजनीतिक प्रभाव के कारण इसे राज्य की महत्वपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक घटनाओं में माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!