असम के मुख्य सूचना आयुक्त भास्करज्योति महंत ने पद से दिया इस्तीफ़ा

विकास जोशी
गुवाहाटी 6 नवंबर 2025/असम.समाचार
असम के मुख्य सूचना आयुक्त भास्करज्योति महंत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने उन्हें इस्तीफा देने की सलाह दी थी।
बताया जा रहा है कि हाल के सप्ताहों में महंत के भाई श्याम कानु महंत से जुड़े मामलों को लेकर लगातार आरटीआई आवेदन दाखिल हुए थे। श्याम कानु महंत को असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों ने बताया कि सरकार नहीं चाहती थी कि मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर रहते हुए महंत किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या नैतिक विवाद में घिरें। इसी कारण मुख्यमंत्री की सलाह के बाद उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।
हालाँकि, भास्करज्योति महंत की ओर से अभी तक इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, राज्य सरकार भी इस पर चुप्पी साधे हुए है। माना जा रहा है कि जल्द ही नए मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।




