
विकाश शर्मा
बरपेटा रोड, 7 नवंबर 2025/असम.समाचार
जेसीआई बरपेटा रोड की वार्षिक साधारण सभा 6 नवंबर 2025 को स्थानीय “द तड़का” में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता जेसी राधिका मोर ने की, जबकि मंच पर निर्वतमान अध्यक्ष जेसी स्नेहा खेमका, सचिव जेसी आयुषी केडिया तथा कोषाध्यक्ष जेसी आशा साराफ उपस्थित थीं।

अध्यक्ष जेसी राधिका मोर के स्वागत उद्बोधन के बाद सचिव जेसी आयुषी केडिया ने वर्षभर की गतिविधियों तथा उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष जेसी आशा साराफ द्वारा प्रस्तुत वित्तीय प्रतिवेदन भी पारदर्शिता के साथ साझा किया गया। दोनों प्रतिवेदनों को सभा द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया नामांकन समिति की चेयरमैन एवं निर्वतमान अध्यक्ष जेसी स्नेहा खेमका द्वारा संपन्न कराई गई। वर्ष 2026 के लिए सर्वसम्मति से नयी कार्यकारिणी का चयन किया गया, जिसमें

अध्यक्ष: जेसी आयुषी केडिया
सचिव: जेसी आशा साराफ
कोषाध्यक्ष: जेसी रीतिका चौधरी
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया ने अपने संबोधन में सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को नई ऊर्जा, सशक्त सहभागिता और नवीन सामाजिक परियोजनाओं के माध्यम से नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सदस्य-सशक्तिकरण तथा सामुदायिक विकास पर केंद्रित कार्ययोजना को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
सभा में जोन 25 के वार्षिक सम्मेलन जोनकॉन “गुंजोत्सव” की जानकारी भी दी गई, जिसमें कई सदस्यों ने भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम में जोन अधिकारी जेसी ममता बांठिया, जेसी अंजनी कुमार जाजोदिया, जेसी कृति अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ औपचारिक समापन के उपरांत आयोजित मनोरंजक कार्यक्रम और सामूहिक रात्रिभोज ने सदस्यों के बीच सौहार्द और संगठनात्मक एकता को और सुदृढ़ किया।




