जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए एक सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 3 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
असम सरकार ने मशहूर गायक जुबिन गर्ग की रहस्यमयी और दुर्भाग्यपूर्ण मौत के कारणों की जांच के लिए एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। यह आयोग गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति सौमित्रा सैकिया की अध्यक्षता में गठित किया गया है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार, यह आयोग जुबिन गर्ग की मृत्यु से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच करेगा और पूरी घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए जिम्मेदार होगा। आयोग को यह भी देखना होगा कि घटना के समय किन हालात में जुबिन मौजूद थे, उनकी मृत्यु किन कारणों से हुई और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही या साजिश तो इसमें शामिल नहीं थी।
गौरतलब है कि असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार जुबिन गर्ग की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। उनके प्रशंसक और परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। सरकार ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
न्यायमूर्ति सैकिया के नेतृत्व में गठित यह आयोग अपनी रिपोर्ट तय समय सीमा में राज्य सरकार को सौंपेगा। सरकार ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




