डिमौ में निर्माणाधीन शिवसागर टाटा कैंसर केयर हॉस्पिटल में भीषण आग लगी : हॉस्पिटल की सम्पत्ति की भारी क्षति होने का अनुमान : 6 दमकलों ने आग पर काबू पाया
केशव पारीक,संवाददाता,शिवसागर, असम

शिवसागर 24 जनवरी 2026/असम.समाचार
शनिवार को शिवसागर जिले के डिमौ के इकोरानी नाहोरहाबी में निर्माणाधीन शिवसागर टाटा कैंसर केयर हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई। शनिवार देर शाम निर्माणाधीन हॉस्पिटल की मुख्य बिल्डिंग में मजदूर काम में जुटे हुए थे कि तभी अचानक चारों ओर कला धुआं फैला गया। जिससे कि मजदुर कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई।
आग इतनी भयानक थी कि पल भर में चार तल्ला बिल्डिंग में फैल गई और चारों ओर धुआं फैल गया। मौके पर डिमौ, शिवसागर और मोरान पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने काफी मशक्कत से इस भीषण आग पर काबू पाया। इस कैंसर केयर हॉस्पिटल प्रकल्प निर्माण कार्य में सैकड़ों मजदुर कर्मचारी जुटे हुए हैं।
इस अग्निकांड की घटना में निर्माणाधीन कैंसर केयर हॉस्पिटल की सम्पत्ति का बड़ा नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि आग लगने के कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
परंतु स्थानीय लोगों ने इसे शॉर्ट सर्किट के कारण हुई घटना बता रहे हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन ने इस अग्निकांड की घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 28 अप्रैल 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवसागर जिले के थावरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डिमौ के समीपवर्ती मस्करा इकोरानी में 125 करोड़ रुपए की लागत से 113 बीघा में बनने वाले अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कैंसर हॉस्पिटल की वर्चुअल माध्यम से आधारशिला रखी थी।
वर्तमान समय में इस निर्माणाधीन कैंसर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में था कि आज इस भीषण अग्निकांड ने इसमें बाधा उत्पन्न कर दी है। असम सरकार और टाटा ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से गठित असम कैंसर केयर फाउंडेशन के तत्वावधान में इस हॉस्पिटल का निर्माण हो रहा है।
इस हॉस्पिटल को असम कैंसर केयर फाउंडेशन के मॉडल के तहत लेवल 3 स्तर पर डायग्नोस्टिक और डे-केयर क्लिनिक के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य मरीजों को उनके घर के नजदीक ही मानकीकृत और किफायती कैंसर उपचार उपलब्ध कराना है। हॉस्पिटल का निर्माण कार्य पूरा कर हैंडओवर करने के लिए निर्माण कंपनी एल एंड टी को इसी वर्ष मार्च महीने तक का लक्ष्य दिया गया था।


