कोकराझार में हत्या के बाद फिर भड़की हिंसा, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम, आगजनी; 29 हिरासत में, इंटरनेट बंद
पुलिस अधीक्षक, कोकराझार ने कहा कि “स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किए गए हैं। अब तक 29 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”

कनक चंद्र बोड़ो
कोकराझार, 20 जनवरी 2026/असम.समाचार
असम के कोकराझार जिले में एक युवक की हत्या के बाद हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं।
करिगांव इलाके में मंगलवार को ताजा हिंसा भड़क उठी, जहां विरोध-प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया गया, आगजनी की घटनाएं हुईं और सार्वजनिक व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को काबू में रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

स्थानीय लोगों ने करिगांव में राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। यह प्रदर्शन रविवार रात गौरिनगर इलाके में हुए युवक की हत्या के विरोध में किया गया।

घटना स्थल करिगांव पुलिस चौकी से महज 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। विरोध जल्द ही हिंसक रूप ले बैठा और प्रदर्शनकारियों ने बिरसा कमांडो फोर्स के दो अस्थायी कैंपों में आग लगा दी।

इसके अलावा सिदो-कान्हू भवन और आसपास की कई संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया। कई दुकानों को आग के हवाले किए जाने की भी खबर है।
पुलिस के अनुसार, हिंसा की जड़ में रविवार रात एक सड़क दुर्घटना के बाद हुआ विवाद है, जिसमें सिखना झ्वह्वलाओ (राजा) बिस्मित नामक युवक की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक स्थानीय सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार बोरोंदा बसुमतारी का दामाद बताया जा रहा है। इस घटना में जुबिराज ब्रह्मा और प्रभात ब्रह्मा सहित कई लोग घायल हुए हैं, जबकि मौके पर एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जला दिया गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जिले के संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी बढ़ा दी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है। इस बीच, ऑल बोड़ो स्टूडेंट्स यूनियन ने बीटीसी बंद का आह्वान करते हुए चेतावनी दी है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस ने अब तक इस मामले में 29 लोगों को हिरासत में लिया है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बहाल करने में सहयोग की अपील की है।
इसी बीच, हालात को देखते हुए कोकराझार जिले में अस्थायी रूप से मोबाइल इंटरनेट और डेटा सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी की गई है, ताकि अफवाहों और हिंसा को फैलने से रोका जा सके।

अक्षद गर्ग, पुलिस अधीक्षक, कोकराझार ने कहा कि
“स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किए गए हैं। अब तक 29 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”



