माघ बिहू पर कांग्रेस की राजनीति पर बवाल, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से माघ बिहू की शुभकामनाओं के साथ पारंपरिक मेजी के स्थान पर गुवाहाटी स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय ‘बाजपेयी भवन’ की जलती हुई तस्वीर साझा किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

ब्यूरो रिपोर्ट
कार्बीआंगलोंग 14 जनवरी 2026/असम.समाचार
माघ बिहू जैसे पावन पर्व पर असम प्रदेश कांग्रेस द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से माघ बिहू की शुभकामनाओं के साथ पारंपरिक मेजी के स्थान पर गुवाहाटी स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय ‘बाजपेयी भवन’ की जलती हुई तस्वीर साझा किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

इस मामले पर कार्बी आंगलोंग जिले के बैठालांगसू दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि माघ बिहू में जलाई जाने वाली मेजी की अग्नि का उद्देश्य कभी भी नकारात्मक नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने कहा,
“मेजी की अग्निशिखा से घर-परिवार और समाज में प्रकाश फैलता है। इसका अर्थ ऋणात्मक नहीं, बल्कि धनात्मक होता है।
मेजी अंधकार को दूर कर प्रकाश की ओर ले जाने का प्रतीक है। लेकिन कांग्रेस इस परंपरा और उसके भावार्थ को समझने में पूरी तरह विफल रही है।”
डॉ. सरमा ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस का असमिया भाषा, संस्कृति और परंपराओं से कोई वास्तविक संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि बाजपेयी भवन को जलता हुआ दिखाकर कांग्रेस ने यही साबित किया है कि उसे माघ बिहू, भोगाली और उरुका की परंपराओं की कोई समझ नहीं है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस मामले में सरकार की ओर से किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा,
“हम कोई कार्रवाई नहीं करेंगे। असम की जनता सब समझ चुकी है। लोगों को पता चल गया है कि कांग्रेस को माघ बिहू की परंपरा की जानकारी नहीं है। वे केवल एक विशेष राजनीति तक ही सीमित हैं।”
कांग्रेस की इस सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राज्यभर में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और त्योहार जैसे अवसर पर राजनीति करने के आरोप लग रहे हैं।
असम बीजेपी ने अपने आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पोस्ट को हटाने से उसका आशय समाप्त नहीं हो जाता। बीजेपी ने लिखा—“पोस्ट डिलीट करने से आप जो संकेत देना चाह रहे थे, वह खत्म नहीं होता। @INCAssam आप बेनकाब हो चुके हैं। और हमारे पास इसका स्क्रीनशॉट मौजूद है।”



