धुबड़ी गुरूद्वारा में शुरू हुआ गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी दिवस समारोह

राजा शर्मा
धुबड़ी, 23 नवंबर 2025/असम.समाचार
नौवें सिख गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आज से धुबड़ी गुरूद्वारा परिसर में विशाल धार्मिक कार्यक्रमों की शुभ शुरुआत हुई। पूरे कार्यक्रम का संचालन और देखरेख सिख प्रतिनिधि बोर्ड, ईस्टर्न ज़ोन की अगुवाई में किया जा रहा है।
पहले दिवस प्रातः काल श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभिक लड़ी आरंभ हुई, जिसके उपरांत धुबड़ी शहर की पवित्र गलियों से भव्य नगर कीर्तन (धार्मिक जुलूस) निकाला गया। पंक्तिबद्ध स्वरूप में पांच प्यारों, निशान साहिब, कीर्तन जत्थों और सिख संगत के साथ शहर गूँज उठा “जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल!”
शाम के समय गुरूद्वारा साहिब में दीवान, कीर्तन और कथा का सुंदर आयोजन किया गया, जिसमें गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत, मानवता के लिए उनके बलिदान और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश पर प्रकाश डाला गया।
आगामी कार्यक्रम
कल के लिए मध्य अरदास, कीर्तन दरबार, अमृत संचार तथा सांयकालीन दीवान का विशेष प्रबंध किया गया है।
मंगलवार को भोग श्री अखंड पाठ साहिब जी के उपरांत भव्य कीर्तन दीवान से कार्यक्रम का समापन होगा।
धुबड़ी शहर से निकले नगर कीर्तन में इस वर्ष लगभग पचास हजार से अधिक सिख भक्तों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर देशभर से सिख संगत धुबड़ी पहुंच चुकी है—दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, झारखंड, पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर म्यांमार तक से श्रद्धालु संगत गुरु घर की हाज़िरी भरने पहुंचे हैं।
गुरु तेग बहादुर साहिब जी की पवित्र स्मृति में आयोजित यह पावन समारोह पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।




