अपराधअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंतीसरी आंखप्रशासनमिलावटलेटेस्ट खबरेंस्वास्थ्य

नगांव में मिलावटखोरों पर डीसी का शिकंजा ,मछली, सब्जी और मिठाई कारखानों में उथल-पुथल

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों और कारखाना संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज़ डेस्क

नगांव, 20 नवंबर 2025/असम.समाचार

नगांव जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने गुरुवार की सुबह शहर के मछली बाजार और सब्जी बाजार में आकस्मिक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और मोबाइल टेस्टिंग वैन की टीम भी मौजूद थी। जिला आयुक्त ने मौके पर मछलियों में फॉर्मेलिन तथा सब्जियों में अत्यधिक कीटनाशक के उपयोग की जांच कराई।

निरीक्षण के दौरान एक दुकान में कीटनाशक से युक्त फूलगोभी बेचे जाते देख आयुक्त शर्मा हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि इस तरह का क्रियाकलाप न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ भी सीधा खिलवाड़ है।

इसके बाद जिला आयुक्त ने मिठाई निर्माण करने वाले कई स्थानीय कारखानों में भी छापेमारी की। कई कारखानों और होटलों में मिली भारी गंदगी तथा अस्वास्थ्यकर माहौल ने उन्हें कड़ा रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया।

कुछ जगह घरेलू उपयोग वाले गैस सिलेंडरों का भी अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था। सेनचोवा स्थित शहर के नामी होटल के कारखाने में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद आयुक्त ने विस्तृत जांच के आदेश जारी किए और सैंपल भी संग्रहित किए गए।

जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने निरीक्षण के बाद कहा,
“जनता को जागरूक होना पड़ेगा कि वे बाजार से क्या खरीदकर ला रहे हैं चाहे मछली हो, सब्जी हो या मिठाई। आज हमारी टीम ने फूड सेफ्टी ऑफिसर के साथ मोबाइल टेस्टिंग वैन भी लगाई थी।

मछलियों में अब तक फॉर्मेलिन नहीं मिला है, लेकिन जांच जारी है। सब्जियों में यूरिया (कीटनाशक) का सीमित उपयोग होता है, पर कुछ विक्रेता अधिक मात्रा मिला कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसकी जांच की जा रही है।”

उन्होंने आगे बताया कि मिठाई कारखानों और होटलों को लेकर भी शिकायतें मिली थीं। “हम जनता के स्वास्थ्य से समझौता नहीं कर सकते। आज चलाए गए अभियान में शहर के कई होटल, रेस्टोरेंट और उनके कारखाने शामिल रहे,” उन्होंने कहा।

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों और कारखाना संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!