असमतीसरी आंखप्रशासनलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिकसाहित्य

तामुलपुर में सुधाकंठ डॉ भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह, मंत्री जयंत मल्ल बरुआ हुए शामिल

असम.समाचार,संवाददाता

तामुलपुर, 5 नवंबर 2025/असम.समाचार

भारत रत्न सुधाकंठ डॉ. भूपेन हजारिका की 14वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को पूरे असम में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। असम सरकार के सांस्कृतिक परिक्रमण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तामुलपुर जिला प्रशासन द्वारा तामुलपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में एक भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में असम सरकार के गृहनिर्माण एवं नगर परिक्रमण तथा जनस्वास्थ्य तकनीकी विभाग के मंत्री एवं तामुलपुर जिले के अभिभावक मंत्री जयंत मल्ल बरुआ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “भूपेन दा के गीत और उनकी रचनाएँ हमारे हृदय को छू लेती हैं। वे हमारी आत्मा में बसते हैं और सदा बसे रहेंगे।” उन्होंने सुधाकंठ के प्रेरणादायी, बहुआयामी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने अपने स्वागत भाषण में डॉ. भूपेन हजारिका के कला-संगीत, साहित्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही लगभग 3,000 विद्यार्थियों द्वारा एक स्वर में प्रस्तुत सुदाकंठ का अमर गीत “मानुहे मानुहार बाबे”, जिसने वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक इमैनुएल मुशाहारी, पूर्व ईएम रणेंद्र नार्जारी, जिला परिषद सदस्य महेश्वर बसुमातारी एवं लक्ष्मी दास, तामुलपुर भाजपा अध्यक्ष विक्टर दास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ताबुराम पेगु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस संबंध में जानकारी जिला जनसंपर्क अधिकारी विजय बेजबरुआ ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!