बक्सा जेल के बाहर बवाल: ज़ुबिन गर्ग केस के आरोपियों को लाए जाने पर उग्र भीड़ ने पत्थरबाजी की, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, छोड़ें आंसू गैस के गोले
जिला प्रशासन ने बक्सा में निषेधाज्ञा लागू कर दी है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है, जबकि पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है।

अशोक कुमार दास/संवाददाता
बक्सा (असम), 15 अक्टूबर /असम.समाचार
असम के चर्चित गायक ज़ुबिन गर्ग मौत मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को मंगलवार को बक्सा जिला जेल में लाए जाने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। जैसे ही आरोपियों को जेल में शिफ्ट किए जाने की खबर फैली, बड़ी संख्या में लोग जेल गेट के बाहर जुट गए और “ज़ुबिन को न्याय दो” के नारे लगाने लगे।

मौके पर मौजूद सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों का गुस्सा अचानक भड़क गया और भीड़ ने जेल गेट पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
इस दौरान हुई झड़प में कई पुलिसकर्मी और कुछ पत्रकार घायल हो गए, जबकि भीड़ ने एक पुलिस एस्कॉर्ट वाहन में आग लगा दी। पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर काबू पाया।
अधिकारियों के अनुसार, जिन पांच आरोपियों को बकसा जेल में रखा गया है, उनमें श्यामकानु महंता, सिद्धार्थ शर्मा, एपीएस अधिकारी संदीपन गर्ग और दो अन्य शामिल हैं। इन्हें मंगलवार को गुवाहाटी के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था।
जिला प्रशासन ने बक्सा में निषेधाज्ञा लागू कर दी है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है, जबकि पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है।





