असमसामाजिक

दीपावली को श्रद्धा का पर्व बनाएं, उत्सव के प्रदर्शन से करें परहेज़ पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की अपील,स्व.जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि स्वरूप सादगीपूर्ण दीपावली मनाने का निर्णय

ओपी शर्मा

गुवाहाटी, 12 अक्तूबर 2025/असम.समाचार

पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा कल एक विशेष सभा आयोजित की गई, जिसमें असम के महान शिल्पी एवं लोकप्रिय कलाकार स्वर्गीय जुबीन गर्ग के आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई।

सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दीपावली पर्व को श्रद्धा, सादगी और मर्यादा के साथ मनाया जाएगा। समाजबंधुओं से अपील की गई है कि वे आतिशबाजी, दिखावे और बाहरी साज-सज्जा से परहेज़ करें, तथा पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार पूजन और दीपमालिका प्रज्वलित कर आस्था एवं भक्ति के साथ पर्व का पालन करें।

सम्मेलन के वक्ताओं ने कहा कि “बाहरी उत्सवधर्मिता केवल प्रदर्शन का प्रतीक है, जबकि इस वर्ष दीपावली को श्रद्धा और एकात्मता के प्रतीक पर्व के रूप में मनाने की आवश्यकता है।”

प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने समाजबंधुओं से आग्रह किया कि “हम सभी लुहितपुरिया समाज के सदस्य सुख-दुःख में एक-दूसरे के सहभागी हैं। ऐसे समय में हमारी एकजुटता, सौहार्द और पारस्परिक संबंध ही हमारे सामाजिक समन्वय की पहचान हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “असम के संवेदनशील वातावरण में हम सभी को संयम, श्रद्धा और एकता के साथ दीपावली मनानी चाहिए।”

सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि किसी क्षेत्र में प्रीति सम्मेलन आयोजित किए जाएं, तो उन्हें केवल आशीर्वाद ग्रहण और अभिवादन के आदान-प्रदान तक सीमित रखा जाए, तथा किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक या मनोरंजनात्मक कार्यक्रमों से परहेज़ किया जाए।

पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने स्व. जुबीन गर्ग की असामयिक एवं रहस्यमय मृत्यु पर गहरा दुःख और क्षोभ व्यक्त करते हुए असम सरकार द्वारा विशेष जांच दल (SIT) तथा एक-सदस्यीय न्यायिक आयोग के गठन के निर्णय का स्वागत किया है। सम्मेलन ने यह मांग की है कि सभी दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिया जाए।

यह प्रेस विज्ञप्ति पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के मंत्री रमेश कुमार चांडक द्वारा जनसामान्य की जानकारी हेतु जारी की गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!