हाग्रामा मोहिलारी ने ली बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के मुख्य कार्यकारी सदस्य पद की शपथ

कनक चंद्र बोरो
कोकराझार, 5 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद आज कोकराझार स्थित बीटीसी सचिवालय मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के बीच हजारों लोगों की मौजूदगी में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल की पांचवीं कार्यकारी परिषद का गठन किया गया। बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य (CEM) के रूप में हाग्रामा मोहिलारी ने शपथ ली।
कार्यक्रम में असम के मुख्य सचिव रबी कोथा ने हाग्रामा मोहिलारी को मुख्य कार्यकारी सदस्य, रिहोन दैमरी को उप मुख्य कार्यकारी सदस्य तथा अन्य 10 कार्यकारी सदस्यों को गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोहिलारी ने अंग्रेजी में जबकि दैमारी ने बोडो भाषा में शपथ ग्रहण की।
अपने प्रथम संबोधन में हाग्रामा मोहिलारी ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष भी बीपीएफ सरकार के साथ मिलकर रचनात्मक भूमिका निभाएगा। मोहिलारी ने क्षेत्र की जनता से शांति और एकता बनाए रखने तथा सरकार को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील की।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने अपने संबोधन में समाज सुधारक और ब्रह्म धर्म के संस्थापक गुरुदेव कालीचरण ब्रह्मा तथा बोडोफा़ उपेंद्रनाथ ब्रह्मा को याद किया, जिनकी विचारधारा और सिद्धांतों ने बोडो समाज को इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने चुनाव से पहले और बाद में शांति बनाए रखने के लिए बीटीसी की जनता का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहिलारी सभी समुदायों के बीच शांति बनाए रखेंगे और विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बीपीएफ और भाजपा के सहयोग से क्षेत्र में समग्र विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि मुख्य कार्यकारी सदस्य हाग्रामा मोहिलारी, उप मुख्य कार्यकारी सदस्य रिहन दैमारी और सभी ईएम 26 समुदायों के विकास के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।




