
डिंपल शर्मा
नगांव 4 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
बढ़ती प्रतिस्पर्धा और उसके दुष्परिणामों से समाज ही नहीं, छात्र-छात्राएं भी प्रभावित हो रहे हैं। इसी गंभीर विषय को ध्यान में रखते हुए लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर ने शहर के मोतीराम बोरा उच्चतर बालिका विद्यालय में किशोरावस्था में मानसिक स्वास्थ्य पर एक सारगर्भित परिचर्चा का आयोजन किया। इस आशय की जानकारी क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष सुनील गोयनका ने स्वागत भाषण के साथ किया। तत्पश्चात क्लब सदस्या गीता सैकिया भराली ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इसके बाद क्लब की ओर से विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं आज की विशेषज्ञ वक्ता डॉ. आकाशी हजारिका का फुलाम गमछा से अभिनंदन किया गया।

मुख्य वक्ता डॉ. आकाशी हजारिका ने किशोरावस्था में मानसिक स्वास्थ्य पर छात्राओं के साथ संवादात्मक शैली में परिचर्चा की। उन्होंने चिंता, अवसाद, व्यवहार संबंधी विकार, साथियों का दबाव, पारिवारिक अपेक्षाएं जैसे विभिन्न कारकों के कारण उत्पन्न मानसिक दबावों पर विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान के लिए उपयोगी सुझाव दिए।

कार्यक्रम में लगभग 330 छात्राएं और 30 शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य बिजय कुमार मंगलुनिया, आनंद छाजेड़, सायरा बेगम, मंजू कोठारी, कुसुम सेठिया, गीता सैकिया भराली सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपयोगी कार्यक्रम के आयोजन के लिए लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पहल से छात्राओं को जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।




