जय माता दी के उद्घोष से गूंजे रास्ते,धूमधाम और श्रद्धा के साथ विसर्जन कर संपन्न हुआ दुर्गापूजा महोत्सव

सुशील दाधीच
शिलांग 2 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
जय माता दी के गगनभेदी उद्घोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच शिलांग में गुरुवार देर शाम दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ दुर्गापूजा महोत्सव का समापन हो गया। शिलांग सेंट्रल पूजा कमेटी के निर्देशन में आयोजित इस भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं ने भारी बारिश और ठंड के बावजूद उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सुबह से ही रुक-रुक कर हो रही वर्षा के बीच भक्तगण नाचते-गाते और मां के जयकारे लगाते हुए दुर्गा प्रतिमाओं को पूजा स्थलों से सुसज्जित ट्रकों में रथ-रूप देकर शोभायात्रा के साथ रवाना हुए। शहर के विभिन्न स्थानों से निकली शोभायात्राएं पूरे माहौल को भक्तिमय करती हुई देर शाम पोलो नदी घाट पर पहुंचीं। वहां विधि-विधानपूर्वक महाआरती के बाद एक-एक कर सभी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
पूरे शहर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा था। लाखों की संख्या में भक्तों ने विभिन्न पूजा पंडालों में जाकर मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शहर के मुख्य मार्गों पर दोपहर बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित रही, वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। हर पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था भी देखने को मिली।
कमेटी के सदस्यों ने पूजा-अर्चना और आरती संपन्न कर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का जयकारों के साथ विसर्जन किया। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सम्पन्न हुआ यह महोत्सव एक बार फिर समाज में आस्था और एकता का संदेश छोड़ गया।




