धर्म और आस्थामेघालय

भव्य मंत्रोच्चारण के साथ शिलांग में दुर्गापूजा का शुभारंभ, श्रद्धा और उल्लास से गूंजी वादियां

सुशील दाधीच,

शिलांग, 28 सितम्बर 2025/असम.समाचार

पहाड़ों की ठंडी हवाओं और भक्ति के मधुर सुरों के बीच रविवार शाम शिलांग शहर की वादियां मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठीं। भव्य मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ यहां दुर्गापूजा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। जैसे ही श्री राजस्थानी विश्राम भवन स्थित दुर्गापूजा पंडाल में देवी की प्रतिमा के दर्शन के लिए द्वार खुले, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

श्री राजस्थानी दुर्गापूजा समिति द्वारा आयोजित इस पूजा में हर ओर उल्लास और आस्था का वातावरण था। अध्यक्ष प्रदीप चौखानी, सचिव सतीश जालान और कोषाध्यक्ष गगन देवड़ा सहित समस्त कार्यकारिणी ने मिलकर आयोजन की तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी। सजावट से लेकर सुरक्षा और स्वच्छता तक, हर व्यवस्था पर बारीकी से ध्यान दिया गया है।

शहरभर में इस वर्ष 60 से अधिक दुर्गापूजा पंडाल सजे हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं — हर पंडाल के आसपास कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस प्रशासन की टीम हर समय मुस्तैद रहेगी। साथ ही स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

सचिव सतीश जालान ने बताया, “हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का हमें पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे यातायात और भीड़ प्रबंधन दोनों सुचारु रूप से चल रहे हैं।”

शिलांग की सड़कों पर रोशनी की झालरों और देवी के जयघोषों के साथ दुर्गापूजा का यह पर्व न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक बन गया है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का उत्सव भी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!