गोआलपाड़ा में मुठभेड़,चार कुख्यात लुटेरे ढेर

मनोज
गोआलपाड़ा , 29 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम-मेज़ोरम सीमा पर अपहरण की साजिश रच रहे चार कुख्यात लुटेरे रविवार को गोआलपाड़ा ज़िले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। यह मुठभेड़ धूपधारा थाना क्षेत्र के घिलाडुबिट इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पिछले कुछ दिनों से एक गिरोह की गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही थी, जो सीमा क्षेत्र में अपहरण की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। रविवार को पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर रखी थी। इस दौरान संदिग्ध वाहन (पंजीकरण संख्या AS 02 AE) को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोआलपाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत महांता ने बताया,“हमें पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक गिरोह असम-मेघालय सीमा पर सक्रिय है और अपहरण की योजना बना रहा है। हमने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया था। संदिग्ध वाहन ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।”
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने वाहन के अंदर चार लोगों को घायल अवस्था में पाया, जिन्हें तुरंत धूपधारा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मारे गए लुटेरों की पहचान मुखुंदा रावा, जहेरुल हक, चेगबाद मारक और चुबुरुद्दीन के रूप में हुई है। उनके पास से चार पिस्तौल बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह एक व्यापारी के अपहरण की साजिश रच रहा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।




