असमगुवाहाटीनार्थ-ईस्टराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

जुबिन की अस्थियां अब होंगी आमजन के पास भी, ऑनलाइन करना होगा आवेदन,

गुवाहाटी, 25 सितंबर 2025/असम.समाचार

असम के प्रिय जनगायक और संगीत जगत की आत्मा माने जाने वाले जुबिन गर्ग की स्मृतियां अब सिर्फ स्मारकों तक सीमित नहीं रहेंगी। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि उनकी अस्थियां संगठनों और इच्छुक व्यक्तियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के ज़रिये उपलब्ध कराई जाएंगी।

राज्य के वरिष्ठ मंत्री रनोज पेगू ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि गुवाहाटी के बाहरी इलाके कमरकुची में जहां सोमवार को जुबिन की अंतिम चिता जलाई गई थी, वहां का क्षेत्र मंगलवार रात से ही सुरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उसी स्थान पर बनने वाले स्मारक परिसर के लिए सीमांकन और चारदीवारी का काम भी जल्द ही शुरू किया जाएगा।

पेगू ने कहा, “हम चाहते हैं कि जुबिन गर्ग की स्मृतियां हर दिल तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से उनकी अस्थियां श्रद्धालुओं, संस्थाओं और चाहने वालों को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे अपने-अपने स्थानों पर श्रद्धांजलि दे सकें।”

राज्य सरकार के इस निर्णय को लोग जुबिन की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की एक भावनात्मक पहल मान रहे हैं। असम और उत्तर-पूर्व में जुबिन की लोकप्रियता ऐसी है कि उनके अस्थि कलश को पाने के लिए हजारों आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।

जुबिन गर्ग के चाहने वालों के लिए यह पहल उनके संगीत के साथ-साथ उनकी स्मृतियों को भी हमेशा जीवित रखने का एक अवसर होगी।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!