असमधर्म और आस्था

बाबा रामदेव की अखंड ज्योत और भजन संध्या से गूंजा श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर का प्रांगण

एक ही मंच पर सभी कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलने से कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। बाबा रामदेव जी के जीवन वृतांत से जुड़े भजनों ने वातावरण को पूर्णतः रामदेवरामय कर दिया।

डिंपल शर्मा

नगांव, 3 सितंबर 2025/असम.समाचार

भादव दशमी के पावन अवसर पर श्री सत्यनारायण ठाकुरवाड़ी मंदिर प्रांगण में रुणिचा के नाथ बाबा रामदेव जी का दशमी महोत्सव अत्यंत सादगीपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्रातः 6 बजे बाबा के पगलिया पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दोपहर 4 बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित कर सवामणी का भोग विधिवत अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना का संपूर्ण क्रम मंदिर के पुजारी बिजय कुमार दाधिच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया।

सायं 6:30 बजे से आरंभ हुई विशेष भजन संध्या ने पूरे माहौल को बाबा रामदेव जी की भक्ति में रंग दिया। भजन संध्या का शुभारंभ स्थानीय कलाकार मुकेश पोद्दार एवं अरुण नागरका ने गणेश वंदना से किया। इसके पश्चात दीपिका वर्मा, स्नेहा शर्मा, विनीता ढा़ढ़रिया, पवन झवंर, धनेश शर्मा, अनिल प्रजापत सहित अनेक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। अंत में अरुण नागरका, पवन झवंर और अनिल प्रजापत द्वारा प्रस्तुत बाबा के चमत्कारी परचों वाले लघु जम्मा भजन “खम्मा खम्मा” ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में पत्रकार विकाश शर्मा, अजय महतो, रविन्द्र शाह और बैधनाथ साहनी का फुलाम गमछा से सम्मान किया गया, वहीं सभी कलाकारों का दुपट्टा उढ़ाकर अभिनंदन हुआ। इस अवसर पर भक्तों के बीच दिव्य तांती एवं सवामणी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया गया।

रात देर तक चले इस महोत्सव को सफल बनाने में नगांव के भक्तवृंद का विशेष योगदान रहा। एक ही मंच पर सभी कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलने से कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। बाबा रामदेव जी के जीवन वृतांत से जुड़े भजनों ने वातावरण को पूर्णतः रामदेवरामय कर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!