एक्सक्लूसिव खबरें

कपिली नदी के किनारे मिला दुर्लभ प्रजाति का कछुआ, असम राज्य चिड़ियाघर भेजा गया

विकास शर्मा

नगांव, 7 जुलाई(असम.समाचार)

नगांव जिले के कामपुर क्षेत्र में स्थित कपिली नदी के किनारे कल रात एक दुर्लभ प्रजाति का कछुआ मिलने से इलाके में उत्सुकता का माहौल बना रहा। हल्के पीले रंग का यह कछुआ वैज्ञानिक रूप से Lissemys punctata नाम से जाना जाता है, जिसे आम भाषा में इंडियन फ्लैपशेल टर्टल कहा जाता है। यह जानकारी कामपुर के वन अधिकारी श्यामिम अख्तर ने दी।

स्थानीय चांगचकी गांव के कुछ निवासियों ने नदी के किनारे इस कछुए को देखकर तुरंत वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन अधिकारी अख्तर के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और रात के समय सावधानीपूर्वक कछुए को सुरक्षित रूप से पकड़ने में सफल रही।

वन अधिकारी ने बताया कि “यह प्रजाति अब असम में बहुत ही कम संख्या में देखी जाती है और इसके संरक्षण की आवश्यकता बेहद जरूरी है।”

उद्धार के बाद इस दुर्लभ कछुए को आज दोपहर कामपुर वन विभाग द्वारा गुवाहाटी स्थित असम राज्य चिड़ियाघर भेजा गया, जहां चिड़ियाघर प्रशासन ने इसे अपने संरक्षण में लिया। कछुए को एक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में रखा गया है, जहां इसकी उचित देखभाल की जाएगी।

चिड़ियाघर प्रशासन का मानना है कि यह दुर्लभ कछुआ न केवल दर्शकों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा, बल्कि जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!