पेट्रोल पंप पर काली कमाई! बिना अनुमति ‘कैलिब्रेशन’ के नाम पर तेल की तस्करी
हिंदुस्तान पेट्रोलियम पंप पर गड़बड़ी का मामला उजागर

खेरनी/कारबिअंगलोंग 5 जुलाई(असम.समाचार)
शम्भू नाथ शाह
कारबिअंगलोंग जिले के खेरनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि पंप पर कंपनी के टैंकर की जगह किसी अन्य निजी टैंकर में सीधे भंडारण से मशीन के जरिए तेल भरा जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
पूछताछ के दौरान पंप के कथित संचालक मोहित नामक व्यक्ति ने इसे ‘कैलिब्रेशन प्रक्रिया’ बताया। परंतु जब इस संदर्भ में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स अधिकारी सुभाजीत दत्ता से संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए केवल जांच का आश्वासन दिया।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के नियमों के अनुसार, किसी भी कैलिब्रेशन कार्य से पहले सेल्स विभाग से अनुमति लेनी होती है, पंप की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी जाती है और फायर सेफ्टी इंतजाम सक्रिय रहते हैं। परंतु मौके पर ऐसा कुछ नहीं देखा गया, बल्कि खुलेआम बाल्टियों में तेल भरकर बाहर निकाला जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक यह पेट्रोल पंप कारबिअंगलोंग ऑटोनॉमस काउंसिल के एक वरिष्ठ नेता का बताया जा रहा है। गुवाहाटी निवासी मोहित नामक व्यक्ति ने इसे कथित तौर पर किराए पर ले रखा है, जिनके मोरीगांव और मणिपुर में भी पंप संचालित होते हैं। जानकारी मिली है कि असली मालिक की जानकारी के बिना ही यह संदेहास्पद गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और कंपनी के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस प्रकार की अवैध गतिविधियां संभव नहीं हैं। लोगों में पंप के प्रति गहरा आक्रोश है।
विश्वसनीय सूत्रों ने यह भी बताया कि इस पंप से लंबे समय से अवैध रूप से तेल की बिक्री की जा रही है। तेल नोजल के बजाय सीधे टंकी से मशीन के माध्यम से तेल निकाला जाता है और खुले बाजार में बेचा जाता है। इस मामले की शिकायत हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुंबई स्थित मुख्यालय को भी भेजी जा चुकी है। साथ ही इससे संबंधित वीडियो और साक्ष्य रीजनल कार्यालय को भेजे गए हैं।
अब देखना यह है कि इस खुलासे के बाद जिम्मेदार एजेंसियां क्या कार्रवाई करती हैं, या मामला दबा दिया जाता है।