नगांव में 75वें श्री हनुमान जन्मोत्सव मेले का शुभारंभ, चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव शुरू
मारवाड़ी पंचायत नगांव एवं श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रहलाद राय तोदी ने फीता काटकर किया उद्घाटन, 2 से 5 अप्रैल तक होंगे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम

विकास शर्मा,
नगांव, 3 अप्रैल 2026/असम.समाचार
नगांव के हैबरगांव स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित 75वें श्री हनुमान जन्मोत्सव मेले का गुरुवार को भव्य शुभारंभ किया गया। मारवाड़ी पंचायत नगांव एवं श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति नगांव के अध्यक्ष प्रहलाद राय तोदी ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में फीता काटकर चार दिवसीय मेले का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या देखने को मिली। उद्घाटन के साथ ही चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी शुरू हो गई, जो 2 से 5 अप्रैल तक विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और भक्ति कार्यक्रमों के साथ आयोजित की जाएगी।
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा रात्रि में भक्ति जागरण, धार्मिक नृत्य-नाटिका और भजन संध्या का भी विशेष कार्यक्रम रखा गया है।
3 अप्रैल को श्री हनुमान मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। वहीं असम की पारंपरिक धार्मिक संस्कृति को दर्शाते हुए दीहा नाम कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे भक्तिमय माहौल और भी सजीव हो उठेगा। आयोजन समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सवामणी की विशेष व्यवस्था की गई है और श्रद्धालु इसके लिए समिति कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। वहीं महोत्सव का समापन 6 अप्रैल को हवन एवं समापन समारोह के साथ होगा।



