तामुलपुर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभक्ति से सराबोर सामूहिक गायन समारोह
उपायुक्त पंकज चक्रवर्ती (एसीएस) ने कहा कि “गीत का हर शब्द देशभक्ति की अग्नि प्रज्वलित करता है। इसे केवल गाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि इसके ऐतिहासिक महत्व और संदेश को समझकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

विकास जोशी
तामुलपुर, 7 नवंबर 2025/असम.समाचार
जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर आज देशभक्ति और गौरव की भावना से गूंज उठा। ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तामुलपुर जिला प्रशासन की ओर से सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘वंदे मातरम्’, जिसे बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने रचा था, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक गायन के दौरान परिसर राष्ट्रीय भावना और एकता के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त पंकज चक्रवर्ती (एसीएस) ने कहा कि “गीत का हर शब्द देशभक्ति की अग्नि प्रज्वलित करता है। इसे केवल गाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि इसके ऐतिहासिक महत्व और संदेश को समझकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘वंदे मातरम् @150’ अवसर पर दिया गया वर्चुअल संबोधन भी जिला उपायुक्त कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल से सामूहिक रूप से सुना गया। साथ ही मुकालमुा स्थित 14वीं एपीबीएन बैंड पार्टी ने ‘वंदे मातरम्’ की वाद्य संगीत प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक तबूराम पेगू, वरिष्ठ नागरिक, सांस्कृतिक समाजसेवी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम से संबंधित जानकारी जिला जनसंपर्क अधिकारी बिजय बेजबरूआ ने मीडिया के माध्यम से साझा की।




