बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल चुनाव 2025 : बीपीएफ की धमाकेदार वापसी, भाजपा और यूपीपीएल को करारी हार

विकास शर्मा
कोकराझार, 27 सितंबर 2025/असम.समाचार
बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल चुनाव 2025 के नतीजों ने प्रदेश के राजनीतिक समीकरण को पूरी तरह बदल दिया है। 26 सितंबर को शुरू हुई मतगणना 27 सितंबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई, जिसमें हाग्रामा मोहिलारी के नेतृत्व वाली बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) ने एक बार फिर शानदार वापसी करते हुए 28 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता में वापसी की है।

चुनाव आयोग द्वारा घोषित आधिकारिक परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी को महज 5 सीटें मिलीं, जबकि मौजूदा मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोड़ो के नेतृत्व वाली यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल केवल 7 सीटों पर सिमट गई।
इस चुनाव के नतीजे भाजपा और यूपीपीएल गठबंधन के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने इस बार चुनाव में अकेले मैदान में उतरने का फैसला किया था और मुख्यमंत्री ने स्वयं पूरे प्रदेश में जोरदार चुनाव प्रचार किया, लेकिन जनता ने भाजपा को सिरे से खारिज करते हुए उसे सिर्फ 5 सीटों तक सीमित कर दिया।
वहीं, जनता के भारी समर्थन से उत्साहित बीपीएफ प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने परिणामों को “जनता के अधिकारों की जीत” करार दिया। उन्होंने कहा, “यह जीत आम जनता की आवाज़ और उनके अधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है। हम BTC के विकास और शांति के लिए पहले से अधिक मजबूती से काम करेंगे।”
दूसरी ओर, हार स्वीकार करते हुए यूपीपीएल के प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने कहा कि वे जनता के फैसले का सम्मान करते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे।
मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। आयोग ने सभी चुनाव अधिकारियों, सुरक्षा बलों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में सहयोग दिया।
उल्लेखनीय है कि असम में 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इन रुझानों के बाद भाजपा के प्रति जनता का रुख क्या होगा, यह समय ही तय करेगा।
इस चुनाव के नतीजों के साथ ही बोडोलैंड की राजनीति में एक बार फिर हाग्रामा मोहिलारी और उनकी पार्टी बीपीएफ का दबदबा कायम हो गया है।




