Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंगुवाहाटीतीसरी आंखथर्ड आईराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंसामाजिक

गुवाहाटी सेंट्रल में बीजेपी टिकट को लेकर त्रिकोणीय जंग,सोमानी-जुरी-बर्मन के बीच कड़ी टक्कर

दिल्ली में 17 मार्च को भाजपा की चुनाव समिति की बैठक, 18 को टिकटों का ऐलान संभव

विकास शर्मा,

गुवाहाटी 14 मार्च 2026/असम.समाचार

असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजधानी की सबसे चर्चित सीटों में शामिल गुवाहाटी सेंट्रल पर भाजपा टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार इस सीट पर टिकट की लड़ाई अब दो नहीं बल्कि तीन दावेदारों के बीच त्रिकोणीय मुकाबले का रूप ले चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक इस सीट के लिए भाजपा के भीतर गौरव सोमानी,जूरी शर्मा और मृगांक बर्मन के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। तीनों नेताओं के अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समीकरण होने से पार्टी नेतृत्व के लिए फैसला आसान नहीं माना जा रहा।

युवा चेहरा बनाम जमीनी नेटवर्क

भाजपा असम प्रदेश के प्रोफेशनल्स विभाग के अध्यक्ष गौरव सोमानी को पार्टी का युवा और शिक्षित चेहरा माना जाता है। शहर के व्यापारी,युवा,आम जनता और प्रोफेशनल वर्ग के बीच उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है।

वहीं दूसरी ओर जुरी शर्मा बोरदोलोई लंबे समय से सक्रिय महिला नेता के रूप में जानी जाती हैं। कांग्रेस से भाजपा में आने के बाद उन्होंने संगठन में तेजी से अपनी जगह बनाई है और गुवाहाटी सेंट्रल में उनका जमीनी नेटवर्क मजबूत माना जाता है।

सोनोवाल फैक्टर से बदले समीकरण

इस बीच मृगांका बर्मन का नाम सामने आने से समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्हें केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है। इससे टिकट की दौड़ और रोचक हो गई है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि गौरव सोमानी और जुरी शर्मा बोरदोलोई को मुख्यमंत्री डॉ हेमंत विश्व शर्मा के करीबी खेमे का समर्थन मिल सकता है, जबकि मृगांका बर्मन की दावेदारी ने पार्टी के भीतर शक्ति संतुलन का नया समीकरण बना दिया है।

व्यापारी और मध्यम वर्ग तय करेगा दिशा

गुवाहाटी सेंट्रल सीट पर व्यापारी और मध्यम वर्ग के मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है, जो चुनाव परिणामों को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसी कारण भाजपा नेतृत्व इस सीट को लेकर बेहद सतर्क नजर आ रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार आलाकमान तीनों दावेदारों के जमीनी प्रभाव, संगठनात्मक योगदान और चुनावी जीत की संभावनाओं का आकलन कर रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति अंतिम निर्णय ले सकती है, जिसके बाद इस हॉट सीट की तस्वीर साफ हो जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियां तेज

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक 17 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न राज्यों से आए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके बाद 18 मार्च को पार्टी द्वारा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है।

बताया जा रहा है कि कई महत्वपूर्ण सीटों पर टिकट को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है। ऐसे में 17 मार्च की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, जिसमें शीर्ष नेतृत्व अंतिम फैसला ले सकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!